200 बिस्तरों का हाईटेक श्री बालाजी कैंसर अस्पताल का शुभारंभ

स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार राज्य की प्रगति और सशक्त आधारभूत ढांचे का प्रमाण : CM साय
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित श्री बालाजी हॉस्पिटल परिसर में 200 बिस्तरीय अत्याधुनिक श्री बालाजी कैंसर अस्पताल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान बालाजी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने अस्पताल की नवनिर्मित इकाइयों का अवलोकन कर उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार राज्य की प्रगति और मजबूत होते आधारभूत ढांचे का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने बताया कि राज्य गठन के समय जहां केवल एक मेडिकल कॉलेज था, वहीं आज प्रदेश में 14 से 15 मेडिकल कॉलेज कार्यरत हैं, जो स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने दो वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने 5 से 6 नए अत्याधुनिक अस्पतालों का शुभारंभ किया है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नवस्थापित कैंसर अस्पताल में मरीजों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिलेगा, जिससे गंभीर बीमारी के इलाज में आने वाला आर्थिक बोझ काफी हद तक कम होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर नागरिक को समय पर और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। निजी और सार्वजनिक क्षेत्र की सहभागिता से छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रहा है।
इस अवसर पर अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. तेजस नायक, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. नीता नायक, आर. के. नायक, श्रीमती सत्यवती नायक, अस्पताल प्रबंधन, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।




