छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 370 नई एम्बुलेंस लॉन्च, अब 108 पर कॉल करते ही शहर में 15 और गांव में 30 मिनट में पहुंचेगी मदद

पहली बार नवजात शिशुओं के लिए भी शुरू हुई विशेष नियोनेटल एम्बुलेंस सेवा, CM साय ने दिखाई हरी झंडी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती मिली है। प्रदेश में एक साथ 370 नई एम्बुलेंस सड़कों पर उतार दी गई हैं। इनमें 300 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS), 70 एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) और 5 नियोनेटल एडवांस लाइफ सपोर्ट (NALS) एम्बुलेंस शामिल हैं। इन नई एम्बुलेंसों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

सरकार का दावा है कि अब 108 सेवा पर कॉल करने के बाद शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट और ग्रामीण इलाकों में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस मौके पर पहुंचेगी। इससे सड़क दुर्घटना, हार्ट अटैक, प्रसव पीड़ा, गंभीर बीमारी और अन्य मेडिकल इमरजेंसी में मरीजों को तेजी से इलाज मिल सकेगा।

नवजात शिशुओं के लिए पहली बार विशेष एम्बुलेंसइस बार की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पहली बार प्रदेश में नवजात शिशुओं के लिए विशेष नियोनेटल एम्बुलेंस सेवा भी शुरू की गई है। 5 नियोनेटल एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस को ऐसे तैयार किया गया है कि वे चलते-फिरते ICU की तरह काम करेंगी।

इन एम्बुलेंसों की मदद से गंभीर हालत में नवजात शिशुओं को सुरक्षित तरीके से उच्च स्तरीय अस्पतालों तक पहुंचाया जा सकेगा। इसे राज्य में नवजात सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में बड़ा कदम माना जा रहा है।

CM साय बोले – संकट में सरकार हर नागरिक के साथ

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर जरूरतमंद मरीज तक समय पर स्वास्थ्य सहायता पहुंचे। उन्होंने कहा कि 108 एम्बुलेंस सेवा का यह विस्तार प्रदेश की लाइफलाइन को और मजबूत करेगा और आम लोगों का भरोसा भी बढ़ाएगा कि संकट की घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है।सीएम ने कहा कि इन एम्बुलेंसों के शुरू होने से नागरिकों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सहायता उपलब्ध होगी, जिससे गंभीर मामलों में गोल्डन ऑवर के भीतर इलाज संभव हो सकेगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया ऐतिहासिक कदम

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के लिहाज से यह दिन छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि इस नई व्यवस्था से लाखों लोगों को तत्काल चिकित्सा लाभ मिलेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि नियोनेटल एम्बुलेंस सेवा शुरू करने वाला छत्तीसगढ़ देश का दूसरा राज्य बन गया है। यह सेवा विशेष रूप से उन नवजात शिशुओं के लिए बेहद अहम होगी, जिन्हें जन्म के तुरंत बाद विशेष चिकित्सकीय देखभाल की जरूरत होती है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button