CG Vidhan Sabha: विधानसभा प्रश्नकाल में सड़क सुरक्षा पर तीखी बहस,बीजेपी विधायकों ने घेरा परिवहन मंत्री केदार कश्यप को

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रश्नकाल के दौरान प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जोरदार बहस देखने को मिली। भाजपा विधायक सुनील सोनी ने प्रदेश में सड़क हादसों की स्थिति, दुर्घटना रोकने की रणनीति और पीड़ितों को मुआवजा देने के प्रावधानों को लेकर सरकार से सवाल किए।
परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने जवाब देते हुए बताया कि पिछले एक वर्ष में सड़क दुर्घटनाओं में 6,898 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट योजना के तहत रायपुर जिले को शामिल किया है। इसके साथ ही 13 फरवरी 2026 से प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल लोगों के इलाज का खर्च सरकार द्वारा वहन किया जा रहा है।
हालांकि, रायपुर में सिटी बस सेवा को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री केदार कश्यप असहज नजर आए। विधायक सुनील सोनी ने पूछा कि रायपुर में वर्तमान में कितनी सिटी बसें संचालित हो रही हैं और भविष्य में कितनी बसें चलाने की योजना है, लेकिन मंत्री इसका स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए।
इस मुद्दे पर वरिष्ठ भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं रोकने की सरकार की रणनीति कागजी है और इसे किसी परिवहन विशेषज्ञ ने तैयार नहीं किया है। चंद्राकर ने कहा कि यह नीति प्रदेश को “मौत के मुंह में खड़ा करने वाली” है। उन्होंने रायपुर स्थित ड्राइवर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का निरीक्षण साथ चलकर करने की चुनौती भी दी, जिस पर मंत्री ने कहा कि वे पहले निरीक्षण कर चुके हैं और साथ चलने को भी तैयार हैं।
मंत्री केदार कश्यप ने आगे बताया कि प्रदेश में कुल 167 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 101 ब्लैक स्पॉट समाप्त किए जा चुके हैं, जबकि शेष 66 पर कार्य जारी है।
विधायक अनुज शर्मा ने ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि 1,46,308 लाइसेंस जारी हुए हैं और केवल एक आवेदन फेल हुआ, जो प्रक्रिया को संदेहास्पद बनाता है। उन्होंने ड्राइविंग टेस्ट की वीडियोग्राफी कराने का सुझाव दिया। इस पर मंत्री ने सुझाव को सकारात्मक बताते हुए कहा कि इस पर विचार किया जाएगा।


