PWD की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश, परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की खराब स्थिति पर होगी कार्रवाई

रायपुर। डिप्टी सीएम और PWD मंत्री अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद तकनीकी स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी प्रक्रियाएं तत्परता से पूरी कर कार्यारंभ सुनिश्चित करने को कहा।
नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री ने विभागीय कार्य संस्कृति में व्यापक सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्य अभियंता कार्यालयों को कॉर्पोरेट दफ्तरों की तरह पूरी क्षमता, दक्षता और जवाबदेही के साथ काम करना होगा। फील्ड से लेकर कार्यालय स्तर तक तेज गति से कार्य निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में श्री साव ने परफॉर्मेंस गारंटी के अंतर्गत आने वाली सड़कों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी सड़कों की स्थिति खराब पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित ठेकेदारों से तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उप मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग के मुख्य अभियंता को भारत सरकार के साथ लगातार समन्वय बनाए रखते हुए स्वीकृतियों और निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने सभी मुख्य अभियंताओं को प्राथमिकता वाले कार्यों की व्यक्तिगत रूप से मॉनिटरिंग करने तथा हर सप्ताह फील्ड निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
बैठक में नई सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण के लिए भू-अर्जन की कार्यवाहियों में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया। श्री साव ने कलेक्टरों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों को शीघ्र पूरा करने को कहा।
उन्होंने सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए ब्लैक-स्पॉट्स दूर करने तथा सड़क एवं पुल निर्माण के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि समय-सीमा में कार्य पूर्ण करना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। लंबे समय तक अधूरे रहने वाले प्रोजेक्ट विभाग की छवि खराब करते हैं, इसलिए हर हाल में निर्धारित समय में कार्य पूरे किए जाएं।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, समेत विभिन्न परिक्षेत्रों के मुख्य अभियंता, सेतु संभाग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग के अधिकारी मौजूद रहे।




