छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के लिए लक्ष्मी वर्मा और फूलोदेवी नेताम निर्विरोध निर्वाचित

रायपुर। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के लिए भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार Laxmi Verma और कांग्रेस की उम्मीदवार Phoolo Devi Netam निर्विरोध सांसद चुनी गई हैं। सोमवार को दोनों नेता विधानसभा पहुंचीं और निर्वाचन अधिकारी से अपना आधिकारिक प्रमाण पत्र प्राप्त किया।
प्रमाण पत्र मिलने के बाद दोनों सांसदों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की और गले मिलकर बधाई दी। इस दौरान कई जनप्रतिनिधि और समर्थक भी विधानसभा परिसर में मौजूद रहे, जिन्होंने दोनों नेताओं को शुभकामनाएं दीं।

नामांकन वापसी के बाद निर्विरोध हुआ चुनावराज्यसभा चुनाव में नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दी गई थीं। इसके बाद सोमवार को उन्होंने विधानसभा पहुंचकर औपचारिक रूप से अपना निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने पार्टी नेतृत्व और प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे राज्य और जनता के हितों को राज्यसभा में मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगी।
पहली बार दोनों दलों ने महिला प्रत्याशियों को दिया मौका
यह पहला मौका है जब राज्यसभा चुनाव के लिए दोनों प्रमुख दलों ने महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा और दोनों ही निर्विरोध सांसद चुनी गईं। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की कुल पांच सीटें हैं। अभी इन पांच में से तीन सीटों पर महिला सांसद होंगी। हालांकि कांग्रेस सांसद Ranjeet Ranjan का कार्यकाल मई में समाप्त हो जाएगा।

राज्यसभा में बदलेंगे राजनीतिक समीकरणअब तक छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की पांच सीटों में से चार पर कांग्रेस का कब्जा था। नए चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी की संख्या बढ़कर दो हो जाएगी, जबकि कांग्रेस के तीन सांसद रहेंगे। दोनों दलों ने इस बार प्रत्याशी चयन में जातिगत और सामाजिक समीकरणों को भी ध्यान में रखा।
विधानसभा चुनाव में नहीं मिला था टिकट
एक रोचक तथ्य यह भी है कि राज्यसभा के लिए चुनी गई दोनों महिला नेता वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदार थीं, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला था। अब पार्टी नेतृत्व ने उन्हें राज्यसभा भेजकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
फूलोदेवी नेताम बस्तर क्षेत्र से आती हैं और कांग्रेस का प्रमुख आदिवासी महिला चेहरा मानी जाती हैं। वह लगातार दूसरी बार राज्यसभा के लिए भेजी गई हैं और वर्तमान में छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। वहीं लक्ष्मी वर्मा लंबे समय से भाजपा में सक्रिय रही हैं और प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। वह रायपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं।


