छत्तीसगढ़देश

पश्चिम एशिया में संघर्ष के मद्देनजर छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला, दिल्ली में नोडल अधिकारी नियुक्त

रायपुर। पश्चिम एशिया क्षेत्र में चल रहे मौजूदा संघर्ष की स्थिति को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के नागरिकों की सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राज्य शासन ने इस संबंध में नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ भवन में नोडल अधिकारी नियुक्त करने का आदेश जारी किया है।

सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पश्चिम एशिया में वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वहां रहने या काम करने वाले छत्तीसगढ़ के नागरिकों को आवश्यक सहायता और समन्वय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। आदेश में कहा गया है कि लेखा अजगल्ले, लाइजन अधिकारी, कार्यालय आवासीय आयुक्त, छत्तीसगढ़ भवन, नई दिल्ली को इस कार्य के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

नोडल अधिकारी के रूप में लेखा अजगल्ले राज्य के नागरिकों और संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करेंगी तथा जरूरत पड़ने पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में भूमिका निभाएंगी। इसके साथ ही पश्चिम एशिया क्षेत्र में रहने वाले छत्तीसगढ़ के नागरिकों को किसी भी आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए उनसे संपर्क करने की सुविधा भी दी गई है।

सरकार की ओर से जारी आदेश में नोडल अधिकारी का मोबाइल नंबर 8349840582 तथा कार्यालय का दूरभाष नंबर 011-46156000 और फैक्स नंबर 011-46156030 जारी किया गया है, ताकि जरूरतमंद लोग सीधे संपर्क कर सकें।

छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी यह आदेश 10 मार्च 2026 से प्रभावी माना जाएगा। आदेश में संबंधित विभागों और अधिकारियों को भी इसकी सूचना भेजी गई है, ताकि आवश्यक समन्वय और कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

सरकार के इस फैसले को पश्चिम एशिया में रह रहे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के दृष्टिकोण से अहम कदम माना जा रहा है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button