बीबी पंचभाई समेत 5 नए IAS को 2021 बैच… तीर्थराज समेत दो को 2020 बैच अलाट

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में प्रमोट हुए आठ अधिकारियों को केंद्र सरकार ने उनकी सीनियरिटी के अनुसार बैच आवंटित कर दिए हैं। भारत सरकार के कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी आदेश में अधिकारियों की ज्वाइनिंग तिथि और सेवा वरिष्ठता के आधार पर यह आवंटन किया गया है।
आदेश के मुताबिक बीबी पंचभाई, सौमिल रंजन चौबे, सुमीत अग्रवाल, संदीप अग्रवाल और आशीष टिकरिहा को वर्ष 2021 का IAS बैच आवंटित किया गया है। इसका अर्थ है कि इन अधिकारियों को पांच वर्ष की सीनियरिटी का लाभ मिला है।
वहीं तीर्थराज अग्रवाल और लीना कोसम को 2020 बैच दिया गया है, जिससे वे उपरोक्त अधिकारियों से एक वर्ष सीनियर हो गए हैं।
यह प्रमोशन और बैच आवंटन राज्य सेवा के अधिकारियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। खास बात यह है कि बीबी पंचभाई का सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है। वे संभवतः छत्तीसगढ़ के पहले अधिकारी हैं, जिन्होंने नायब तहसीलदार के पद से शुरुआत कर क्रमशः पदोन्नति पाते हुए IAS का दर्जा हासिल किया है।
अन्य सात अधिकारियों ने अपने करियर की शुरुआत डिप्टी कलेक्टर के रूप में की थी और लंबी प्रशासनिक सेवा के बाद अब उन्हें IAS में प्रमोट किया गया है। यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता का प्रतीक है, बल्कि राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
केंद्र सरकार के इस निर्णय के बाद अब इन अधिकारियों की जिम्मेदारियां और भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाएगी, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।




