छत्तीसगढ़

रायपुर में दर्दनाक हादसा: पानी की टंकी में डूबने से डेढ़ साल के मासूम की मौत

रायपुर। राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमलीडीह स्थित महात्मा गांधी नगर गली नंबर 01 में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां घर में बनी निर्माणाधीन पानी की टंकी में डूबने से डेढ़ साल के मासूम की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे का नाम इराज साहू (उम्र करीब डेढ़ साल) बताया जा रहा है। हादसे से करीब एक घंटे पहले मासूम अपनी नानी के साथ छत पर खेल रहा था, जिसका वीडियो भी परिजनों ने बनाया था। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर बाद यह मासूम हादसे का शिकार हो जाएगा।

खेलते-खेलते टंकी तक पहुंचा, किसी को नहीं लगा अंदाजा

बताया जा रहा है कि घटना के समय बच्चे की मां काम पर गई हुई थी, जबकि वह घर में दादी के साथ खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह घर में बनी निर्माणाधीन पानी की टंकी के पास पहुंच गया। टंकी खुली हुई थी और उस पर कोई ढक्कन या सुरक्षा इंतजाम नहीं था।

कुछ समय तक जब बच्चे पर ध्यान नहीं गया, तब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। घर और आसपास खोजबीन के बाद किसी की नजर टंकी पर पड़ी, जहां मासूम पानी में डूबा हुआ मिला। यह दृश्य देख परिजनों के होश उड़ गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के तुरंत बाद परिजन बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा लापरवाही के चलते हुआ। खुले और असुरक्षित निर्माण कार्य ने एक मासूम की जान ले ली।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button