छत्तीसगढ़

नक्सलवाद खात्मे के बाद 31 मार्च 2027 तक बस्तर से लौट जायेंगे अर्धसैनिक बल – विजय शर्मा गृहमंत्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में गृह मंत्री विजय शर्मा ने नक्सलवाद को लेकर बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने सदन में कहा कि राज्य में सशस्त्र नक्सलवाद के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और सरकार का लक्ष्य है कि 31 मार्च 2026 तक सशस्त्र नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म कर दिया जाए।

गृह मंत्री ने बताया कि इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय के साथ हुई बैठकों में भी विस्तृत चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई और रणनीति के कारण नक्सल प्रभावित इलाकों में हालात तेजी से बदल रहे हैं।

विजय शर्मा ने सदन में यह भी कहा कि योजना के तहत 31 मार्च 2027 तक अर्धसैनिक बलों को भी वापस लौट जाना चाहिए। इसका मतलब यह है कि बस्तर में शांति व्यवस्था कायम हो जाएगी। और नक्सलवाद का नामोनिशान खत्म होने से बाहरी अर्धसैनिक बलों की जरूरत कम हो जाएगी।

गृह मंत्री के अनुसार, इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए राज्य और केंद्र सरकार मिलकर काम कर रहे हैं। नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार सुरक्षा कैंप स्थापित किए जा रहे हैं, सड़क निर्माण और विकास कार्यों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई के साथ-साथ सरकार विकास योजनाओं के जरिए भी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बदलाव लाने का प्रयास कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं को अंदरूनी गांवों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

गृह मंत्री ने भरोसा जताया कि सरकार की रणनीति और सुरक्षा बलों के प्रयासों से आने वाले समय में राज्य नक्सलवाद की समस्या से पूरी तरह मुक्त हो सकेगा।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button