छत्तीसगढ़

“ऑल द बेस्ट, प्यारे बच्चों” : CM साय का परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों को आत्मीय संदेश

परीक्षा के समय आत्मविश्वास, संयम और सकारात्मक सोच बनाए रखें : मुख्यमंत्री

रायपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बोर्ड एवं अन्य परीक्षाओं में शामिल हो रहे छात्र-छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होती है, जिसमें आत्मविश्वास, धैर्य और निरंतर परिश्रम की सबसे अधिक आवश्यकता होती है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संदेश में कहा “ऑल द बेस्ट, प्यारे बच्चों। परीक्षा का समय आ गया है। मैं जानता हूँ कि इन दिनों आपके मन में उत्साह भी है और थोड़ा सा तनाव भी। लेकिन सबसे पहले यह जान लीजिए — आप अकेले नहीं हैं, हम सब आपके साथ हैं।”उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान मन में घबराहट या डर आना स्वाभाविक है और इससे डरने की आवश्यकता नहीं है। यह इस बात का संकेत है कि विद्यार्थी अपने भविष्य और लक्ष्य को लेकर गंभीर हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि डर कमजोरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का प्रतीक है, लेकिन इसे अपने आत्मविश्वास पर हावी नहीं होने देना चाहिए।मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को याद दिलाया कि उन्होंने पूरे वर्ष मेहनत की है। हर दिन की पढ़ाई, अभ्यास और दोहराव आज उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि परीक्षा केवल ज्ञान की परीक्षा नहीं होती, बल्कि धैर्य, अनुशासन और मानसिक संतुलन की भी परीक्षा होती है।

मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे नियमित अध्ययन करें, कठिन विषयों का बार-बार पुनरावर्तन करें और समय का सही प्रबंधन करें। साथ ही उन्होंने पर्याप्त नींद लेने, पौष्टिक भोजन करने और परीक्षा के दिनों में मोबाइल फोन व सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने की भी अपील की।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी इस बार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और अपने माता-पिता, शिक्षकों तथा प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ दिया गया हर प्रयास निश्चित रूप से सफलता की ओर ले जाता है।

अंत में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को पुनः शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वे पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें, सफलता अवश्य उनके कदम चूमेगी।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button