अंत्योदय का संकल्प: 5 लाख भूमिहीन परिवारों को 500 करोड़ की सौगात देंगे CM साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भूमिहीन कृषि मजदूरों के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 25 मार्च को बलौदाबाजार से लगभग 5 लाख हितग्राहियों के खातों में सीधी आर्थिक सहायता राशि अंतरित करेंगे। यह पहल ‘अंत्योदय’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत इस वर्ष 4,95,965 भूमिहीन परिवारों को प्रत्येक के खाते में 10,000 रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी। इसके लिए 495 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है।
22 हजार से अधिक बैगा-गुनिया परिवार भी होंगे लाभान्वित
इस योजना में इस बार 22,028 बैगा और गुनिया परिवारों को भी शामिल किया गया है, जो राज्य की पारंपरिक और सांस्कृतिक विरासत के संवाहक माने जाते हैं। सरकार ने इन्हें मुख्यधारा से जोड़कर समावेशी विकास का संदेश दिया है।
पिछले साल भी रिकॉर्ड सहायता: राज्य सरकार ने वर्ष 2025 में भी इस योजना के तहत 5,62,112 हितग्राहियों को 562 करोड़ 11 लाख 20 हजार रुपये वितरित किए थे। लगातार बढ़ती सहायता राशि से सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट नजर आती है।
मजदूर परिवारों के लिए बना आर्थिक सुरक्षा कवच:यह योजना उन ग्रामीण परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है, जिनकी आय का मुख्य स्रोत मजदूरी है। सरकार ने सहायता राशि को 7,000 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये प्रति वर्ष कर दिया है, जिससे लाभार्थी अपने शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जरूरतों को बिना कर्ज के पूरा कर सकेंगे।
25 मार्च को बलौदाबाजार में भव्य कार्यक्रम
25 मार्च 2026 को बलौदाबाजार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हितग्राहियों के खातों में राशि अंतरित करेंगे। यह आयोजन राज्य में ‘न्याय और सुशासन’ की दिशा में एक मजबूत संदेश के रूप में देखा जा रहा है।


