BREAKING NEWS: बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, दो नक्सली ढेर; हथियार और शव बरामद

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में दो नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। घटनास्थल से हथियार और नक्सलियों के शव भी बरामद किए गए हैं।जानकारी के अनुसार, जिले के दक्षिणी क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर (DRG) के जवानों द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ शुरू हो गई।
सुबह से रुक-रुक कर फायरिंग, सर्च ऑपरेशन जारी
बताया जा रहा है कि मुठभेड़ सुबह से रुक-रुक कर जारी है। इलाके में अभी भी सुरक्षाबलों का सघन सर्च ऑपरेशन चल रहा है। जवान पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर नक्सलियों की तलाश में जुटे हुए हैं, ताकि किसी भी तरह के खतरे को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।सुरक्षा कारणों से फिलहाल ऑपरेशन से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।
इलाके में अलर्ट, अतिरिक्त बल तैनात
मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। संभावित नक्सली मूवमेंट को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती भी की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मारे गए नक्सलियों की पहचान और उनके संगठन से जुड़े विवरण की पुष्टि की जा रही है। बरामद हथियारों की जांच भी की जा रही है।




