
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के उद्घाटन मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हरा दिया। रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में ओलंपियन सुरेंद्र सिंह की न्यायधानी नाइट्स ने ओलंपियन ललित उपाध्याय की राजधानी रॉयल्स को शिकस्त देकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।
न्यायधानी नाइट्स की ओर से चिराग और केतन कुशवाहा ने एक-एक गोल किया, जबकि राजधानी रॉयल्स के लिए रौशन ने एकमात्र गोल दागा। पूरे मैच में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले केतन कुशवाहा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ चुना गया।
पहले क्वार्टर में चिराग ने दिलाई बढ़त, केतन ने दागा शानदार मैदानी गोल
मुकाबले की शुरुआत से ही न्यायधानी नाइट्स ने आक्रामक रुख अपनाया। मैच के 12वें मिनट में चिराग ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में केतन कुशवाहा ने शानदार मैदानी गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया।
दो गोल से पिछड़ने के बाद राजधानी रॉयल्स ने वापसी की कोशिश की। कप्तान ललित उपाध्याय ने मिडफील्ड में आक्रामकता बढ़ाई, लेकिन टीम को मिले मौकों का पूरा फायदा नहीं मिला। रक्षापंक्ति में सुरेंद्र सिंह के बेहतरीन प्रदर्शन ने न्यायधानी नाइट्स की बढ़त बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।
रक्षापंक्ति के दम पर न्यायधानी नाइट्स ने कायम रखा दबदबा
मुकाबले के दूसरे हाफ में न्यायधानी नाइट्स को पेनल्टी कॉर्नर के कुछ मौके मिले, लेकिन टीम उन्हें गोल में नहीं बदल सकी। दूसरी ओर, राजधानी रॉयल्स ने भी विपक्षी टीम के डी क्षेत्र में कई बार प्रवेश किया, लेकिन अग्रिम पंक्ति के खिलाड़ियों के बीच तालमेल की कमी के कारण सफलता नहीं मिली।चौथे क्वार्टर में राजधानी रॉयल्स ने वापसी के प्रयास किए, लेकिन न्यायधानी नाइट्स की रक्षापंक्ति ने विरोधी टीम को ज्यादा मौके नहीं दिए। अंततः न्यायधानी नाइट्स ने 2-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
महिला प्रदर्शनी मैच में इंद्रावती टाइग्रेस की 4-1 से जीत
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के अंतर्गत खेले गए महिला प्रदर्शनी मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस ने महानदी फाल्कन्स को 4-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इंद्रावती टाइग्रेस की कप्तान आंचल साहू ने दो गोल दागे, जबकि लीना कोरसे और ममतेश्वरी लहरे ने एक-एक गोल किया। महानदी फाल्कन्स की ओर से रिया खलखो ने एकमात्र गोल किया।
इंद्रावती टाइग्रेस ने मैच में गेंद पर बेहतर नियंत्रण और लगातार आक्रामक खेल के जरिए दबदबा बनाए रखा। टीम ने लगभग 60 प्रतिशत समय तक गेंद अपने कब्जे में रखी। बेहतर तालमेल और सटीक रणनीति की बदौलत टीम ने 4-1 से जीत हासिल की।
शुक्रवार को होंगे दो मुकाबले
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में शुक्रवार, 23 अक्टूबर को रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में दो मुकाबले खेले जाएंगे।
शाम 5:30 बजे: मैनपाट टाइटंस बनाम बैलाडीला बुल्स
शाम 7:30 बजे: चक्रधर चैंपियंस बनाम संस्कारधानी स्ट्राइकर्स



