छत्तीसगढ़

दीपक बैज का बीजेपी पर बड़ा हमला, बोले- छत्तीसगढ़ को एटीएम और अफीम हब बना रही सरकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने बुधवार को राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने छत्तीसगढ़ को “एटीएम कार्ड” बना लिया है और प्रदेश में सरकार के संरक्षण में अवैध अफीम की खेती तक हो रही है। साथ ही उन्होंने घरेलू गैस संकट, संगठन विस्तार और सरकारी तंत्र की कार्यप्रणाली को लेकर भी सरकार को घेरा।

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस ने 2026 को संगठन सृजन का वर्ष मानते हुए निचले स्तर तक संगठन विस्तार का अभियान तेज कर दिया है। जिला, ब्लॉक और मंडल स्तर पर चयन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि 31 मार्च तक जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी के गठन का काम पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि वार्ड, ग्राम और बूथ कमेटियों के पुनर्गठन का काम भी तेजी से चल रहा है।

“भाजपा ने छत्तीसगढ़ को एटीएम बना दिया”

दीपक बैज ने आबकारी विभाग में 300 करोड़ रुपये के मेनपावर सप्लाई टेंडर को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नियमों की अनदेखी कर भाजपा के एक राष्ट्रीय पदाधिकारी से जुड़ी कंपनियों को लाभ पहुंचाया गया। बैज ने सवाल उठाया कि जब एक ही मालिक की दो कंपनियों का चयन नियमों के खिलाफ था, तो यह ठेका कैसे दिया गया?

“प्रदेश में दीनदयाल अफीम संवर्धन योजना चल रही”

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई जिलों में सामने आई अफीम की अवैध खेती सत्ता के संरक्षण के बिना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि दुर्ग, बलरामपुर, रायगढ़ और नगरी-सिहावा जैसे इलाकों में अफीम की खेती का खुलासा होना प्रशासनिक और राजनीतिक संरक्षण की ओर इशारा करता है।

गैस संकट पर भी सरकार घिरी

दीपक बैज ने घरेलू गैस संकट को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि केवाईसी के नाम पर गैस वितरण रोका जा रहा है, जिससे आम लोग और गृहणियां परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी विफलता छिपाने के लिए जनता को लाइन में खड़ा कर रही है, जबकि बाजार में कालाबाजारी भी बढ़ रही है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button