नवा रायपुर में बनेगा 111 कमरों वाला Ginger Hotel, IHCL ने किया बड़ा ऐलान

हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में नवा रायपुर को मिली नई पहचान, ECHT Ventures के साथ साझेदारी में विकसित होगा होटल
रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर अब प्रशासनिक राजधानी के साथ-साथ बिजनेस, पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी डेस्टिनेशन के रूप में भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। इसी कड़ी में देश की प्रमुख हॉस्पिटैलिटी कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) ने नवा रायपुर में अपने प्रतिष्ठित Ginger Hotel की स्थापना की घोषणा की है।
प्रस्तावित होटल में 111 कमरे होंगे और इसे ब्राउनफील्ड परियोजना के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के लिए IHCL ने ECHT Ventures के साथ साझेदारी की है।
निवेशकों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण : मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नवा रायपुर में देश की प्रतिष्ठित हॉस्पिटैलिटी कंपनी IHCL का Ginger Hotel आना छत्तीसगढ़ के प्रति निवेशकों के बढ़ते विश्वास और नवा रायपुर की बढ़ती राष्ट्रीय पहचान का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नवा रायपुर को आधुनिक, सुविधायुक्त और निवेश के अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने के लिए लगातार काम कर रही है। निवेशकों, उद्यमियों, प्रोफेशनल्स और पर्यटकों के लिए बेहतर हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं का विस्तार शहर की आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर अब केवल प्रशासनिक राजधानी नहीं रह गया है, बल्कि निवेश, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन और आधुनिक सेवाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
बिजनेस और पर्यटन को मिलेगा फायदा : ओपी चौधरी
वित्त एवं आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नवा रायपुर में Ginger Hotel का आगमन शहर के तेजी से विकसित हो रहे बिजनेस और हॉस्पिटैलिटी इकोसिस्टम को मजबूती देगा।उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय संस्थानों, निवेश परियोजनाओं और कॉर्पोरेट गतिविधियों के विस्तार के साथ गुणवत्तापूर्ण आवास और आतिथ्य सुविधाओं की मांग भी बढ़ रही है। Ginger जैसी प्रतिष्ठित ब्रांड की परियोजना नवा रायपुर की बदलती तस्वीर और यहां मौजूद निवेश की संभावनाओं को दर्शाती है।
होटल में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
प्रस्तावित Ginger Nava Raipur में 111 कमरे होंगे। होटल में आधुनिक कमरों के साथ Ginger का सिग्नेचर ऑल-डे डाइनिंग रेस्टोरेंट Qmin, मीटिंग रूम और फिटनेस सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
होटल को बिजनेस यात्रियों के साथ-साथ नवा रायपुर आने वाले पर्यटकों और अवकाश यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा।




