
गंज थाने में FIR दर्ज
रायपुर। राजधानी रायपुर में फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर बड़ी साइबर-ठगी का मामला सामने आया है। गंज निवासी कारोबारी आशीष तिवारी से 56 लाख रुपये से अधिक की ठगी किए जाने की शिकायत पर गंज थाना पुलिस ने धोखाधड़ी की FIR दर्ज की है। आरोपियों ने खुद को बैंगलुरु के प्रसिद्ध The Rameshwaram Cafe से जुड़ा बताते हुए यह रकम अलग-अलग बैंक खातों में जमा करवाई।
ऐसे रची गई ठगी की साजिश
पीड़ित कारोबारी के अनुसार, अज्ञात आरोपियों ने फोन कॉल के जरिए संपर्क किया और खुद को कैफे का संस्थापक, हेड ऑफ डिपार्टमेंट और पब्लिक रिलेशन मैनेजर बताकर भरोसा दिलाया। आकर्षक शर्तों और जल्द फ्रेंचाइजी दिलाने के वादे के साथ किस्तों में भुगतान करने को कहा गया। विश्वास में आकर पीड़ित ने विभिन्न बैंक खातों में कुल 56 लाख रुपये से अधिक की रकम ट्रांसफर कर दी।
भरोसा टूटते ही हुआ खुलासा: जब लंबे समय तक फ्रेंचाइजी से जुड़ी कोई ठोस प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी और संपर्क भी टालमटोल भरा रहा, तब पीड़ित को ठगी का अंदेशा हुआ। दस्तावेजों और कॉल-डिटेल्स की जांच के बाद गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
गंज थाना पुलिस ने अज्ञात खाताधारकों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक खातों, ट्रांजेक्शन ट्रेल, कॉल रिकॉर्ड्स और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। शुरुआती जांच में यह एक संगठित फ्रेंचाइजी-स्कैम होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने कारोबारियों से अपील की है कि फ्रेंचाइजी या निवेश से पहले आधिकारिक ई-मेल/वेबसाइट, कंपनी रजिस्ट्रेशन, लिखित करार और वेरिफाइड बैंक अकाउंट की पुष्टि अवश्य करें। किसी भी संदेह की स्थिति में भुगतान से पहले स्थानीय पुलिस या साइबर सेल से सलाह लें। इस मामले में जांच जारी है, आगे और खुलासों की संभावना है।




