छत्तीसगढ़

बॉम्बे हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर के लिए चार माह में जमीन लीज व रजिस्ट्री पूरी, ₹680 करोड़ की लागत से बनेगा 300 बिस्तरों का हॉस्पिटल

स्वास्थ्य सेवाओं के साथ युवाओं को मिलेगा रोजगार, नवा रायपुर बनेगा सेंट्रल इंडिया का हेल्थकेयर हब – CM साय

रायपुर। नवा रायपुर को देश के प्रमुख हेल्थकेयर हब के रूप में विकसित करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में बॉम्बे हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर तथा नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के मध्य 15 एकड़ भूमि के लीज एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता नवा रायपुर में प्रस्तावित मेडिसिटी के विकास को नई गति देगा।राज्य सरकार द्वारा 24 सितंबर 2025 को निवेश आमंत्रण जारी किए जाने के बाद मात्र चार माह के भीतर भूमि चिन्हांकन, आवश्यक स्वीकृतियां और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। यह समयबद्ध कार्यवाही छत्तीसगढ़ की तेज़, पारदर्शी और निवेशक-अनुकूल प्रशासनिक कार्यप्रणाली का उदाहरण मानी जा रही है।

₹680 करोड़ की परियोजना, 300 बिस्तरों का अत्याधुनिक अस्पताल

नवा रायपुर विकास प्राधिकरण द्वारा आबंटित 15 एकड़ भूमि पर बॉम्बे हॉस्पिटल ट्रस्ट द्वारा लगभग ₹680 करोड़ की लागत से 300 बिस्तरों का अत्याधुनिक मल्टी सुपर-स्पेशलिटी हॉस्पिटल स्थापित किया जाएगा। यह ट्रस्ट का देश में चौथा सुपर-स्पेशलिटी हॉस्पिटल होगा। इससे पहले मुंबई, इंदौर और जयपुर में ट्रस्ट के अस्पताल सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं।प्रस्तावित अस्पताल में कार्डियक साइंसेज, कैंसर उपचार, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, क्रिटिकल केयर, ऑर्गन ट्रांसप्लांट सहित अनेक उन्नत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके शुरू होने से छत्तीसगढ़ और आसपास के राज्यों के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मुंबई या दिल्ली जैसे महानगरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।

500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार, स्थानीय अर्थव्यवस्था को बलइस परियोजना से 500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है, जिनमें डॉक्टर, सर्जन, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और मेडिकल टेक्नीशियन शामिल होंगे। इसके साथ-साथ हेल्थकेयर सप्लाई चेन, सेवाओं और सहयोगी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अप्रत्यक्ष रोजगार भी उत्पन्न होंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को उल्लेखनीय प्रोत्साहन मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बॉम्बे हॉस्पिटल की स्थापना से नवा रायपुर में मेडिसिटी का सपना साकार होने की दिशा में निर्णायक कदम उठाया गया है। इससे प्रदेशवासियों को अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय सुपर-स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के निरंतर विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है और प्रतिष्ठित संस्थानों का निवेश राज्य की नीतिगत स्थिरता व तेज़ निर्णय क्षमता पर भरोसे का प्रमाण है।नीतिगत समर्थन और भविष्य की दिशायह परियोजना छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास नीति 2024–30 के अंतर्गत स्वास्थ्य जैसे रणनीतिक क्षेत्रों को दिए जा रहे विशेष प्रोत्साहनों और समयबद्ध क्रियान्वयन का प्रत्यक्ष परिणाम है। इससे नवा रायपुर को सेंट्रल इंडिया के प्रमुख हेल्थकेयर डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button