छत्तीसगढ़

कबीरधाम में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास, स्वास्थ्य सुविधाओं के नए युग की शुरुआत: CM साय

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले को आज एक ऐतिहासिक सौगात मिली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम घोठिया में नए शासकीय मेडिकल कॉलेज के निर्माण स्थल पर शिलान्यास कर जिले में चिकित्सा सुविधाओं के नए युग की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे।

40 एकड़ में बनेगा आधुनिक मेडिकल कॉलेज, 306 करोड़ की स्वीकृति

शासन द्वारा मेडिकल कॉलेज निर्माण हेतु 40 एकड़ भूमि आबंटित की गई है और परियोजना के लिए 306 करोड़ रुपये से अधिक राशि स्वीकृत की गई है। कॉलेज राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित होगा, जिसमें आधुनिक तकनीक और सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सुविधाएँ शामिल होंगी। इस मेडिकल कॉलेज से क्षेत्र के लोगों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी।

कवर्धा को मिली कई नई सौगातें

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कवर्धा में श्री पंचमुखी बूढ़ा महादेव रिवर फ्रंट निर्माण और रवेली में नए महाविद्यालय की स्थापना की घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि बीते दो वर्षों में जिले के स्वास्थ्य ढांचे में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। सीटी स्कैन, क्रिटिकल केयर यूनिट और अन्य सुविधाएँ मरीजों की पहुँच में आई हैं।

जनजातीय विकास और किसान हितों पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई पीएम जनमन योजना विशेष पिछड़ी जनजातियों के व्यापक विकास के लिए मील का पत्थर है। उन्होंने धान खरीदी के रिकॉर्ड प्रबंधन, तेंदूपत्ता दर बढ़ाने और रामलला दर्शन योजना जैसे निर्णयों को जनहित में उठाए गए महत्वपूर्ण कदम बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने पर राज्यभर में रजत जयंती महोत्सव मनाया जा रहा है।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया प्रवास में नए विधानसभा भवन और ट्राइबल म्यूजियम का उद्घाटन राज्य के गौरव में स्थायी इजाफा करता है।

रमन सिंह और विजय शर्मा का संबोधन

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना कवर्धा के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज होने वाली घटना है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार सीटी स्कैन सेवा, अस्पताल क्षमता बढ़ोतरी, क्रिटिकल केयर बेड, सोनोग्राफी मशीनें और सड़क विकास परियोजनाओं—की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 50 सीटों के साथ मेडिकल कॉलेज की पढ़ाई शुरू करने की तैयारी पूर्ण हो चुकी है।

स्व सहायता समूहों को 7.78 करोड़ की सौगात: मुख्यमंत्री साय ने जिले में स्व सहायता समूहों को 7 करोड़ 78 लाख रुपये के चेक वितरित किए। इसमें लखपति दीदी योजना के 1454 समूह भी शामिल हैं।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button