अमित जोगी को आजीवन कारावास, CM विष्णुदेव साय बोले – हाईकोर्ट का फैसला स्वागतयोग्य

रायपुर। चर्चित जग्गी हत्याकांड मामले में अमित जोगी को आजीवन कारावास की सजा मिलने के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। इस फैसले पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हाईकोर्ट का फैसला स्वागतयोग्य है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “देर आए, दुरुस्त आए”, लेकिन आखिरकार इस बहुचर्चित मामले में न्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि यह मामला लंबे समय से चर्चा में रहा और अब न्यायालय के निर्णय से एक स्पष्ट संदेश गया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।
CM साय ने आगे कहा कि घटना में अमित जोगी मुख्य आरोपी रहे हैं, और न्यायालय ने उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर अपना फैसला सुनाया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय न्याय व्यवस्था पर आमजन के भरोसे को और मजबूत करेगा।
उल्लेखनीय है कि 21 वर्ष पुराने जग्गी हत्याकांड में यह फैसला सामने आया है, जिसे प्रदेश की राजनीति के सबसे चर्चित मामलों में गिना जाता है।




