असम में तीसरी बार विकास का कमल खिलेगा : डिप्टी सीएम अरुण साव

पीएम मोदी के मार्गदर्शन और सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनाने का संकल्प
गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित है और जनता ने एक बार फिर विकास के कमल को खिलाने का मन बना लिया है। डबल इंजन सरकार ने जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं पर खरा उतरते हुए असम को विकास की नई दिशा दी है। इसलिए राज्य में तीसरी बार उम्मीदों और आशाओं का कमल खिलना तय है। यह बात छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने असम प्रवास के दौरान लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के दौरे के दौरान कही।
उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि चुनावी मैदान में कांग्रेस कहीं नजर नहीं आ रही है। पार्टी के भीतर घोर निराशा और बिखराव की स्थिति है। जो पार्टी खुद को संभाल नहीं पा रही, वह राज्य का विकास कैसे करेगी।
चार दिवसीय असम प्रवास में संगठन को मजबूत करने पर जोर
उपमुख्यमंत्री श्री साव विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनज़र 25 फरवरी से चार दिवसीय असम प्रवास पर हैं और रविवार को प्रवास पूर्ण कर रायपुर लौटेंगे। इस दौरान उन्होंने लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विभिन्न विधानसभा सीटों के साथ-साथ गुवाहाटी में आयोजित संगठनात्मक बैठकों में भाग लिया।असम भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में रणनीतिक बैठकों का दौररविवार (01 मार्च) को उपमुख्यमंत्री साव ने धेमाजी, मसकुआ (सिसिबोरगांव विधानसभा) एवं जोनाई विधानसभा के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और विस्तारकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
वहीं शनिवार को तिनसुकिया जिला मुख्यालय में जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों के साथ चुनावी रणनीति और जनसंपर्क अभियान पर विस्तार से चर्चा की।इसके अलावा डूमडूमा और सदिया में आयोजित बैठकों में उन्होंने तैयारियों की समीक्षा करते हुए बूथ प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही लखीमपुर और नोबोइचा विधानसभा क्षेत्रों में भी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी चुनाव के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने उपमुख्यमंत्री श्री साव को लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र की 9 विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी सौंपी है।



