
रायगढ़। छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम खेती के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र के आमाघाट गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.5 एकड़ जमीन पर उगाई गई अफीम की फसल बरामद की है। यह प्रदेश में पिछले 15 दिनों के भीतर सामने आया चौथा मामला है।
पुलिस ने शुक्रवार सुबह छापेमारी कर नदी किनारे की जा रही इस अवैध खेती का खुलासा किया। मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि फसल पूरी तरह तैयार थी और कई डोडों (कैप्सूल) में चीरा भी लगाया जा चुका था, जिससे स्पष्ट है कि अफीम निकालने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी।
इस मामले में पुलिस ने झारखंड निवासी मार्शल सांगा को हिरासत में लिया है, जो पिछले 10-12 वर्षों से इस क्षेत्र में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने खेत को तरबूज और ककड़ी की खेती के नाम पर लीज पर लिया था, लेकिन असल में सब्जी की आड़ में अफीम उगा रहा था ताकि किसी को संदेह न हो।
पुलिस के अनुसार, इस तरह की अवैध खेती संगठित नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है, जिसकी जांच की जा रही है। इससे पहले दुर्ग और बलरामपुर (कुसमी, कोरंधा) में भी अफीम की खेती के मामले सामने आ चुके हैं।प्रशासन ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में ऐसे मामलों पर और सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।


