छत्तीसगढ़खेल

आज 8 लाख युवाओं से संवाद करेंगे पीएम मोदी, रायपुर में ‘खेलो इंडिया संवाद’ में क्रिकेटर तिलक वर्मा होंगे शामिल

तिलक वर्मा बोले- ऐसे आयोजन खिलाड़ियों के लिए बड़ी प्रेरणा

रायपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आज 27 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के 8 लाख से अधिक युवाओं और खिलाड़ियों से ‘खेलो इंडिया संवाद- खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम के माध्यम से वर्चुअल संवाद करेंगे। ‘युवा भागीदारी, खेल विकास और राष्ट्र निर्माण’ थीम के तहत आयोजित होने वाले इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम से देशभर के करीब 1,600 केंद्रों पर युवा एक साथ जुड़ेंगे।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के खेल विभाग और मेरा युवा भारत (MY Bharat) के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी को मजबूत करना है। कार्यक्रम महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।

रायपुर के NIT में आयोजित कार्यक्रम में क्रिकेटर तिलक वर्मा भी युवाओं से संवाद करेंगे।

उन्होंने ‘खेलो इंडिया संवाद’ को युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक पहल बताते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री इस तरह के आयोजनों का आयोजन करते हैं, तो यह सभी के लिए बड़ा प्रेरणा स्रोत बनता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लगातार होते रहना चाहिए, क्योंकि इससे खिलाड़ियों, स्कूली विद्यार्थियों और आम युवाओं को खेलों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम के तहत देश के प्रत्येक जिले के दो प्रमुख महाविद्यालयों में युवा प्रतिभागियों को स्थानीय खेल हस्तियों, सांसदों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद का अवसर मिलेगा। इस दौरान पिछले 12 वर्षों में भारत के खेल इकोसिस्टम के विस्तार और जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं के विकास पर भी चर्चा होगी।

2036 ओलंपिक और युवा नेतृत्व पर होगी चर्चा

‘खेलो इंडिया संवाद’ में 15 मिनट का विशेष ‘युवा संवाद’ सत्र भी होगा। इसमें युवा जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं के विस्तार, 2036 ओलंपिक के लिए वैज्ञानिक तरीके से प्रतिभाओं की पहचान, युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार और सुझाव साझा करेंगे।

युवाओं की सीधे नीति निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आयोजन स्थलों पर क्यूआर कोड की व्यवस्था रहेगी। इसके माध्यम से युवा माई भारत पोर्टल के आइडिया बॉक्स में अपने सुझाव दे सकेंगे और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) क्विज में भी भाग ले सकेंगे।

आज होने वाला यह राष्ट्रव्यापी आयोजन खेलों के प्रति युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search