धर्म स्वतंत्रता संशोधन विधेयक पारित होने पर प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने जताया CM साय का आभार

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने विधानसभा सत्र के दौरान धर्म स्वतंत्रता संशोधन विधेयक पारित किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं छत्तीसगढ़ सरकार का आभार व्यक्त किया है।उन्होंने कहा कि यह विधेयक सर्व समाज के लिए हितकारी है और इसके लागू होने से प्रदेश में धर्मांतरण पर प्रभावी रोक लगेगी। जूदेव ने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव ने जीवनभर धर्मांतरण के खिलाफ संघर्ष किया और “घर वापसी” अभियान चलाकर समाज में जागरूकता लाई।
समाज को मिलेगा संरक्षण
जूदेव के अनुसार, इस कानून के लागू होने से जनजातीय समाज सहित सभी वर्गों की सांस्कृतिक विरासत और आस्था को संरक्षण मिलेगा तथा प्रलोभन, दबाव या भ्रमित कर धर्मांतरण करने वालों पर कड़ी कार्रवाई संभव होगी।
उन्होंने कहा कि यह विधेयक स्व. दिलीप सिंह जूदेव के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और समाज में विश्वास व संतुलन को मजबूत करेगा।
साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे अपने पिता के आदर्शों पर चलते हुए “घर वापसी” अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखेंगे और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।



