CM साय से मिला रियल एस्टेट का प्रतिनिधिमंडल, भूमि गाइडलाइन दरों में संशोधन के फैसले पर जताया आभार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज यहां उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ रियल एस्टेट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार द्वारा भूमि की गाइडलाइन दरों के पुनर्मूल्यांकन एवं उसमें युक्तिसंगत रियायत देने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री साय का गजमाला पहनाकर सम्मान किया। एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि भूमि गाइडलाइन दरों में संशोधन से रियल एस्टेट सेक्टर को नई गति मिलेगी, निवेश का माहौल बेहतर होगा और आम नागरिकों को संपत्ति क्रय-विक्रय में सीधी राहत प्राप्त होगी। उन्होंने इसे रियल एस्टेट उद्योग के साथ-साथ राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक कदम बताया।
सीएम साय ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार जनता के हितों की रक्षा और संतुलित विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भूमि गाइडलाइन दरों में संशोधन करते समय यह सुनिश्चित किया गया है कि इसका लाभ आम नागरिकों, किसानों, व्यवसायियों और निवेशकों—सभी वर्गों को मिले। उन्होंने कहा कि नई गाइडलाइन दरें व्यावहारिक और यथार्थपरक हैं, जिससे न केवल लेन-देन में पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि राज्य के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस निर्णय से आवास, वाणिज्यिक परियोजनाओं और बुनियादी ढांचे के विकास को प्रोत्साहन मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ रियल एस्टेट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र आहूजा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



