Road Accident: रायपुर में भीषण सड़क हादसा, चार लोगों की दर्दनाक मौत

रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। धान से भरे ट्रक और एक कार के बीच हुई भीषण भिड़ंत में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा डीपीएस स्कूल के पास हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही को माना है, हालांकि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने ट्रक चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर शहर में सड़क सुरक्षा और रफ्तार पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



