Holi Dry Day: साय सरकार ने अपना आदेश पलटा, होली के दिन प्रदेशभर में शराब दुकानें रहेंगी बंद

रायपुर | होली पर्व को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा और अहम निर्णय लिया है। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि होली के दिन प्रदेश में शराब दुकानें नहीं खोली जाएंगी और इस अवसर पर ड्राई डे पूरी तरह प्रभावी रहेगा।गौरतलब है कि इससे पहले होली के दिन शराब बिक्री की अनुमति देने का निर्णय लिया गया था, जिसे लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। जनभावनाओं, सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सरकार ने अपने पुराने फैसले पर पुनर्विचार किया और ड्राई डे को रद्द न करने का निर्णय लिया है।
सरकारी आदेश के अनुसार, पूर्व निर्धारित आबकारी नियमों के तहत ही प्रतिबंध लागू रहेंगे। इस दिन प्रदेश की सभी देशी-विदेशी शराब दुकानें, बार और मदिरालय बंद रहेंगे। आबकारी विभाग और जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
सरकार का मानना है कि होली जैसे रंगों और उल्लास के पर्व पर शराब बिक्री पर रोक से शांति व्यवस्था बनी रहेगी और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका कम होगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
राज्य सरकार के इस फैसले को सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों का समर्थन मिल रहा है। लोगों का कहना है कि यह निर्णय होली की परंपराओं, भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को बनाए रखने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।



