
17 फरवरी से शुरू होगा प्रशिक्षण वर्ग – किरण देव
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के सभी मोर्चों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक शासन की योजनाओं और ‘मोदी की गारंटी’ की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। हमारा स्पष्ट लक्ष्य वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ की संकल्पना को साकार करना है। इसके लिए सेवा, समर्पण और संगठनात्मक एकजुटता के साथ कार्य करना होगा।
मुख्यमंत्री साय राजधानी रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संयुक्त मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसके देशभर में 14 करोड़ से अधिक कार्यकर्ता हैं। छत्तीसगढ़ में पार्टी के 60 लाख सदस्य और लगभग 80 हजार सक्रिय कार्यकर्ता हैं। युवा, महिला, किसान, एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक मोर्चों के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पहुँचना पार्टी की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते दो वर्षों में मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को पूरा किया गया है। 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए हैं और 10 लाख से अधिक परिवारों का गृह प्रवेश हो चुका है। राज्य में 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। होली से पहले 25.24 लाख किसानों के खातों में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अंतर राशि जमा कराई जाएगी। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये दिए जा रहे हैं।

राष्ट्र प्रथम की भावना से ही बनेगा विकसित भारत – अजय जम्वाल
भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि भाजपा आज विश्व की नंबर वन पार्टी है, लेकिन असली लक्ष्य भारत को शक्तिशाली, आत्मनिर्भर और विश्वगुरु बनाना है। हर कार्यकर्ता को ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के संकल्प के साथ जनता के बीच जाना होगा।
भाजपा कार्यक्रम आधारित पार्टी – किरण देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि भाजपा वर्षभर सेवा और जनसंपर्क के कार्य करती है। 17 फरवरी से प्रशिक्षण वर्ग प्रारंभ होगा, जिससे कार्यकर्ताओं का बौद्धिक और संगठनात्मक विकास होगा। बजट सत्र को लेकर भी बूथ स्तर तक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी एवं यशवंत जैन ने किया। बैठक में भाजपा के सभी सात मोर्चों के प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




