नवोदय विद्यालय के छात्रों का फूटा गुस्सा, छात्र की मौत के बाद हंगामा, मेन गेट पर धरना – प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी

बिलासपुर। मल्हार नवोदय विद्यालय में मंगलवार सुबह हालात बिगड़ गए, जब स्कूल और हॉस्टल में अव्यवस्थाओं के विरोध में छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में छात्र मुख्य गेट के बाहर धरने पर बैठ गए और प्रबंधन के खिलाफ लगातार नारेबाजी करते रहे। छात्रों के चेहरे गुस्से और नाराजगी से भरे हुए दिखे और विद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बन गया।
घटना की वजह 10वीं के एक छात्र की कल निमोनिया से हुई मौत बताई जा रही है। छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल में समय पर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई, जिसके कारण छात्र की हालत बिगड़ती गई और अंततः उसकी मौत हो गई। छात्रों ने बताया कि हॉस्टल के कमरों में साफ-सफाई की भारी कमी, खाने की गुणवत्ता खराब होने और बीमार छात्रों की स्थिति पर ध्यान न देने की शिकायतें पहले भी कई बार की जा चुकी हैं, लेकिन प्रबंधन ने कोई कार्रवाई नहीं की।
हंगामे के दौरान छात्रों ने मांग: हॉस्टल और स्कूल में अव्यवस्थाएं तुरंत सुधारी जाएं,– मेडिकल सुविधा और स्वास्थ्य जांच की स्थायी व्यवस्था की जाए,– लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी विद्यालय की ओर पहुंचे हैं। मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है और छात्रों को शांत करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल बातचीत जारी है, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।




