टी-20 वर्ल्ड कप: इंग्लैंड को 7 रन से हराकर भारत फाइनल में, 8 मार्च को न्यूजीलैंड से होगा महामुकाबला

रायपुर। भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को रोमांचक मैच में 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। मुंबई में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में रिकॉर्डतोड़ 253 रन बनाए।
भारत की ओर से संजू सैमसन ने शानदार और आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 89 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उनकी इस आतिशी पारी की बदौलत भारतीय टीम बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने भी जबरदस्त संघर्ष किया। इंग्लैंड के बल्लेबाज बैथेल ने तेजतर्रार शतक लगाकर मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया, लेकिन अंत में इंग्लैंड की टीम लक्ष्य से 7 रन दूर रह गई और भारत ने मैच अपने नाम कर लिया।भारतीय टीम ने सुपर-8 के अपने अंतिम मुकाबले में वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। इसके बाद इंग्लैंड को पराजित कर टीम इंडिया ने फाइनल का टिकट पक्का कर लिया। अब फाइनल मुकाबले में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। यह महामुकाबला 8 मार्च 2026, रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 में भी भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया था। ऐसे में फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने भारतीय टीम को इस शानदार जीत के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि टी-20 विश्वकप के सेमीफाइनल मुकाबले में आज शानदार और जुझारू प्रदर्शन करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को पराजित कर भव्य अंदाज़ में फाइनल में प्रवेश किया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों ने अद्भुत टीमवर्क, साहस और खेल कौशल का परिचय देते हुए पूरे देश को गर्व से भर दिया है। यह जीत केवल एक मैच की जीत नहीं, बल्कि हर भारतीय के आत्मविश्वास और तिरंगे की शान का प्रतीक है।उन्होंने #MenInBlue को फाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भारत का तिरंगा यूँ ही विश्व मंच पर गर्व से लहराता रहे और टीम इंडिया विजय का नया इतिहास रचे।




