
रायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 16, 18 और 20 अक्टूबर को होने वाली भारत महिला और जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जा रही है। मैच के दौरान स्टेडियम परिसर के साथ-साथ सभी पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पुलिस, एनआरडीए, सीएससीएस और बीसीसीआई के समन्वय से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभाली जाएगी।
मैच के सुचारू संचालन को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
टिकट धारकों को निर्धारित अनुपात में पार्किंग पास उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि मैच के दौरान वाहनों की पार्किंग को व्यवस्थित रखा जा सके। आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन व्यवस्था और आपातकालीन रूट का भी चिन्हांकन किया जाएगा।
दर्शकों के लिए ये सुविधाएं भी रहेंगी
मैच के दौरान दर्शकों को मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है। स्टेडियम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में नेटवर्क उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी बीएसएनएल को दी गई है। इसके अलावा ई-टिकट की स्कैनिंग और प्रवेश को आसान बनाने के लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की व्यवस्था भी की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग नजदीकी अस्पतालों की मैपिंग करेगा और स्टेडियम में एंबुलेंस तैनात रहेगी। आपातकालीन इलाज और वीवीआईपी आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर का मार्ग भी निर्धारित किया गया है।
स्टेडियम में खाद्य सामग्री और पेयजल की व्यवस्था के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। टिकटों का वितरण ऑनलाइन किया जाएगा और टिकट पर स्टेडियम का नाम शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर स्पष्ट रूप से दर्ज रहेगा।



