केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का छत्तीसगढ़ दौरा, डोंगरगढ़ में धार्मिक कार्यक्रम में होंगे शामिल

रायपुर। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज छत्तीसगढ़ के एकदिवसीय दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 12:30 बजे रायपुर पहुंचेंगे। राजधानी आगमन के बाद वे हेलिकॉप्टर के माध्यम से डोंगरगढ़ के लिए रवाना होंगे।
डोंगरगढ़ में केंद्रीय मंत्री जैनाचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की स्मृति में आयोजित समाधि स्मारक महोत्सव में शामिल होंगे। यह महोत्सव जैन समाज के लिए अत्यंत श्रद्धा और आस्था का केंद्र माना जा रहा है, जिसमें देशभर से संत-महात्मा, श्रद्धालु और समाज के गणमान्य नागरिक शामिल हो रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान जैन दर्शन, अहिंसा, संयम और आध्यात्मिक मूल्यों पर आधारित आयोजन होंगे। माना जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान इस अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ जैन समाज को संबोधित भी कर सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। रायपुर से डोंगरगढ़ तक हेलिकॉप्टर मूवमेंट और कार्यक्रम स्थल पर प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहेंगे।



