छत्तीसगढ़

नक्सली कमांडर पापा राव का सरेंडर तय, सीएम विष्णुदेव साय बोले – नक्सलवाद खत्म होने की ओर

रायपुर/बीजापुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। कुख्यात नक्सली कमांडर पापा राव के संभावित आत्मसमर्पण को लेकर सियासी और सुरक्षा हलकों में हलचल तेज हो गई है। इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा बयान देते हुए इसे अभियान की बड़ी सफलता बताया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के दृढ़ संकल्प के चलते देशभर में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान तेज हुआ है, जिसका असर अब जमीन पर साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने की समयसीमा बेहद करीब है और ऐसे में पापा राव जैसे बड़े नक्सली का सरेंडर होना बेहद सकारात्मक संकेत है।

सीएम साय ने यह भी कहा कि राज्य में पहले ही कई नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं और सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई से नक्सल नेटवर्क कमजोर पड़ चुका है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त होगा।

वहीं, उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने और भी बड़ा दावा करते हुए कहा कि पापा राव के आत्मसमर्पण के साथ ही छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद पूरी तरह खत्म हो चुका है और अब राज्य में एक भी नक्सली शेष नहीं है।सूत्रों के अनुसार, पापा राव आज अपने 17 साथियों के साथ आत्मसमर्पण कर सकता है। बताया जा रहा है कि वह बीजापुर पहुंचकर AK-47 समेत अत्याधुनिक हथियारों के साथ सरेंडर करेगा। इसके बाद उसे जगदलपुर लाया जाएगा, जहां बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज के समक्ष औपचारिक आत्मसमर्पण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

सुरक्षा एजेंसियों की जानकारी के मुताबिक, पापा राव को लाने के लिए पुलिस की विशेष टीम पहले ही इंद्रावती नेशनल पार्क क्षेत्र के एक गोपनीय ठिकाने के लिए रवाना हो चुकी है। लंबे समय से चल रही बातचीत के बाद अब यह सरेंडर संभव हो पाया है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button