छत्तीसगढ़अपराध

कवर्धा में सराफा व्यापारी से लूट, घाटी में 6 बदमाशों ने किया हमला; डेढ़ लाख कैश और 15 किलो से ज्यादा चांदी लूटी

दलदली के साप्ताहिक बाजार से लौट रहे थे व्यापारी वेद प्रकाश सोनी, तरेगांव और बैजलपुर के बीच वारदात; पुलिस ने FIR दर्ज कर शुरू की जांच

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सराफा व्यापारी से लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। दलदली के साप्ताहिक बाजार से बाइक से घर लौट रहे व्यापारी को तरेगांव और बैजलपुर के बीच घाटी में बदमाशों ने निशाना बनाया। दो बाइक पर सवार होकर आए छह आरोपियों ने व्यापारी को रोककर उनके साथ मारपीट की और नकदी समेत बड़ी मात्रा में चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

जानकारी के मुताबिक, पांडातराई निवासी सराफा व्यापारी वेद प्रकाश सोनी मंगलवार को दलदली में लगने वाले साप्ताहिक बाजार गए थे। बाजार से लौटते समय तरेगांव और बैजलपुर के बीच घाटी में दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने व्यापारी से बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने डंडे से हमला कर दिया और उनके पास मौजूद नकदी व चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।

डेढ़ लाख रुपये और 15 किलो से ज्यादा चांदी लूटने की शिकायत

मामले में एसडीओपी अखिलेश कौशिक ने बताया कि तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में वेद प्रकाश सोनी के साथ अज्ञात बाइक सवारों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। प्रार्थी की शिकायत के अनुसार, करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और 15 किलोग्राम से अधिक चांदी लूटी गई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान करने और उनके भागने के संभावित रास्तों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश कर रही है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी को लेकर जांच जारी है।

लूट की रकम और जेवरात की कीमत को लेकर शुरुआती जानकारी में अंतर सामने आया है। व्यापारी की ओर से करीब 50 लाख रुपये की लूट की बात कही गई है, जबकि पुलिस के अनुसार शिकायत में डेढ़ लाख रुपये नकद और 15 किलो से अधिक चांदी लूटे जाने का उल्लेख है। लूटे गए सामान की कुल कीमत का अंतिम आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search