
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने आज अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूरे कर लिए। ठीक इसी दिन उन्हें भाजपा विधायक दल का सर्वसम्मति से नेता चुना गया था, जिसने उन्हें राज्य की बागडोर थमाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इन दो वर्षों में उनकी सरकार ने जनता के भरोसे पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास किया है।
सीएम साय ने लिखा कि उनकी सरकार ने अधिकांश बड़े वादों को धरातल पर उतार दिया है, जबकि शेष घोषणाओं को भी तय समयसीमा में पूरा करने की दिशा में तेज़ी से काम जारी है। उन्होंने दो वर्षों के इस सफर को शहीद वीर नारायण सिंह की प्रेरणा से जोड़ते हुए कहा कि यह संयोग भी ऐतिहासिक है कि आज ही उनके बलिदान दिवस पर उन्हें दो साल पहले विधायक दल का नेता चुना गया था।
साय ने कहा, “संगठन और जनता ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, उससे हमारी जवाबदेही और अधिक बढ़ती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘गारंटी’ पर भरोसा करके जनता ने हमें ऐतिहासिक जनादेश दिया और हमारा पहला कर्तव्य था कि इस विश्वास को निभाया जाए।” उन्होंने लिखा कि राज्य सरकार ने समयबद्ध तरीके से जनता से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हालांकि दो वर्ष किसी भी राज्य के लिए विकास के लिहाज से कम समय होते हैं, लेकिन उनकी सरकार ने इस अवधि में जनता के बीच भरोसे की मजबूत नींव तैयार की है। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए दीर्घकालिक सोच, स्पष्ट रोडमैप और सतत परिश्रम आवश्यक हैं। इसी उद्देश्य से सरकार ने विजन डॉक्यूमेंट और नई औद्योगिक नीति के जरिए आने वाले वर्षों के लिए विकास की दिशा तय की है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य एक सुखी, समृद्ध और अवसरों से भरा छत्तीसगढ़ बनाना है, जहां युवाओं को बेहतर भविष्य मिले और समाज के अंतिम पायदान तक विकास की रोशनी पहुँचे। शहीद वीर नारायण सिंह के सपनों को साकार करना ही उनका स्थायी संकल्प है। साय ने अंत में दोहराया कि उनकी सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्राण-पण से कार्य करती रहेगी।




