
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक फेरबदल के तहत नितिन नबीन को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। इस नियुक्ति को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीखा राजनीतिक तंज कसते हुए इसे कांग्रेस के लिए शुभ संकेत बताया। भूपेश बघेल ने कहा कि जब नितिन गडकरी भाजपा अध्यक्ष बने थे, तब देश में कांग्रेस की सरकार बनी थी और छत्तीसगढ़ से चरणदास महंत केंद्रीय राज्य मंत्री बने थे। उन्होंने कहा कि अब नितिन नबीन के कार्यकारी अध्यक्ष बनने से भी कांग्रेस के लिए सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं।
धान खरीदी को लेकर बड़ी साजिश रचने का आरोप
भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार धान खरीदी करना ही नहीं चाहती। किसानों का रकबा काटा जा रहा है, कई जगहों पर टोकन नहीं दिए जा रहे, और बड़ी संख्या में किसानों का पंजीयन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेगहा, अधिया और वन अधिकार पट्टा धारक किसानों से धान नहीं खरीदा जा रहा, जिससे गरीब, छोटे और आदिवासी किसान सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकार की मंशा यह है कि बड़े उद्योगपति बाजार भाव पर धान खरीदें, इसी कारण पूरी व्यवस्था को जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है, ताकि सरकारी धान खरीदी प्रभावित हो।
अजय चंद्राकर पहले से “सेट” हैं-महंत
विधानसभा में विजन–2047 पर हुई चर्चा को लेकर भी राजनीतिक बयानबाजी तेज रही। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्होंने सदन में विपक्ष की गैरमौजूदगी की कमी महसूस नहीं होने दी। महंत ने तंज कसते हुए कहा कि अजय चंद्राकर पहले से “सेट” हैं, यह कोई नई व्यवस्था नहीं है।



