5000 शिक्षक भर्ती: व्यापमं ने जारी की शिक्षक भर्ती परीक्षा की संभावित तिथियां, 11 अक्टूबर, 25 अक्टूबर और 29 नवंबर 2026 को हो सकती हैं परीक्षाएं

सीएम साय ने शिक्षक भर्ती पर कहा – शिक्षा व्यवस्था होगी सुदृढ़
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी दिशा में राज्य में 5000 शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया को एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे एक ओर युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि व्यापम द्वारा वर्ष 2026 में आयोजित की जाने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां जारी कर दी गई हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार,सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा की संभावित तिथि 11 अक्टूबर 2026,शिक्षक भर्ती परीक्षा की संभावित तिथि 25 अक्टूबर 2026, तथा व्याख्याता भर्ती परीक्षा की संभावित तिथि 29 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इन परीक्षाओं के माध्यम से योग्य और प्रतिभाशाली युवाओं को शिक्षा विभाग में सेवा का अवसर मिलेगा, जिससे विद्यालयों और महाविद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के साथ की गई तैयारी निश्चित रूप से सफलता दिलाती है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि युवा प्रदेश के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक के रूप में चयनित होने वाले अभ्यर्थी शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी को सशक्त बनाने और समाज को दिशा देने का कार्य करेंगे। उन्होंने सभी उम्मीदवारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं।




