जनसंपर्क विभाग के अपर संचालक जे.एल. दरियो को सेवानिवृत्ति पर गरिमामय विदाई

36 वर्षों की निष्ठापूर्ण सेवाओं के लिए विभाग ने व्यक्त किया सम्मान
रायपुर। जनसंपर्क विभाग में अनवरत 36 वर्षों तक उल्लेखनीय सेवाएं देने के बाद अपर संचालक जवाहर लाल दरियो के सेवानिवृत्त होने पर आज नवा रायपुर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर आयुक्त जनसंपर्क डॉ. रवि मित्तल ने दरियो की कर्तव्यनिष्ठा, कार्यकुशलता और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री दरियो का संपूर्ण सेवाकाल विभाग के लिए प्रेरणादायी रहा है। आयुक्त ने उन्हें शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वस्थ, सुदीर्घ और सुखद भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में अपर संचालक उमेश मिश्रा ने दरियो के साथ अपने कार्य अनुभव साझा करते हुए बताया कि अविभाजित मध्यप्रदेश के इंदौर से स्थानांतरण के समय श्री दरियो ने ही उन्हें कार्यभार ग्रहण कराया था। वहीं अपर संचालक संजीव तिवारी ने श्री दरियो की सरल कार्यशैली और दायित्वों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।समारोह का संचालन अपर संचालक आलोक देव ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में श्री दरियो के सेवाकाल और उनके प्रशासनिक योगदान पर प्रकाश डाला।
विदाई समारोह में दरियो ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त मार्गदर्शन और सहकर्मियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और विश्वास के कारण ही वे अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सके।यह समारोह जनसंपर्क विभाग में सेवा, समर्पण और सम्मान की परंपरा का प्रतीक बना।




