छत्तीसगढ़

राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस ने खोले पत्ते, फूलो देवी नेताम को बनाया उम्मीदवार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी ने राज्यसभा के लिए वरिष्ठ आदिवासी महिला नेता फूलो देवी नेताम को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। खास बात यह है कि उनका वर्तमान कार्यकाल भी समाप्त होने वाला है और कांग्रेस ने उनकी राजनीतिक सक्रियता और अनुभव को देखते हुए उन्हें एक बार फिर उच्च सदन भेजने का निर्णय लिया है।

बताया जा रहा है कि राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि गुरुवार है। विधानसभा सचिवालय के अनुसार नामांकन पत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व पर उम्मीदवार घोषित करने का दबाव था, जिसके बाद पार्टी ने अंतिम समय में फूलो देवी नेताम के नाम पर मुहर लगा दी।

कौन हैं फूलो देवी नेताम

फूलो देवी नेताम वर्तमान में छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष हैं। वे कांग्रेस कार्य समिति की सदस्य भी रह चुकी हैं और बस्तर क्षेत्र से आने वाली एक वरिष्ठ आदिवासी नेता के रूप में जानी जाती हैं। सामाजिक और जनजातीय मुद्दों को मजबूती से उठाने के कारण उनकी अलग पहचान है। वर्ष 2020 में कांग्रेस ने उन्हें राज्यसभा भेजा था और उनका वर्तमान कार्यकाल 2 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है।

राज्यसभा चुनाव का गणित: छत्तीसगढ़ विधानसभा की स्थिति पर नजर डालें तो भाजपा के पास 54 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 35 विधायक हैं। ऐसे में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव में एक सीट भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाने की संभावना जताई जा रही है।

बीजेपी ने भी उतारी महिला उम्मीदवार

दिलचस्प बात यह है कि भाजपा ने भी इस बार महिला प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। अब कांग्रेस ने भी महिला नेता फूलो देवी नेताम को मैदान में उतारकर मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button