छत्तीसगढ़

रायपुर के ACI ने रचा इतिहास – बैकमैन टोटल फिजियोलॉजिकल पेसिंग केस सफल

छत्तीसगढ़ बना जटिल हृदय उपचारों में अग्रणी

रायपुर- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर ने चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। पंडित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय के अंतर्गत संचालित एडवांस कार्डियक इंस्टिट्यूट (एसीआई) के डॉक्टरों की टीम ने देश का छठा और किसी भी सरकारी संस्थान का पहला बैकमैन टोटल फिजियोलॉजिकल पेसिंग केस सफलतापूर्वक संपन्न किया है। गौरतलब है कि वर्ष 2022-23 में इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी मामलों के उपचार में एसीआई पूरे देश में पाँचवें स्थान पर रहा। नई उपलब्धि ने छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय चिकित्सा मानचित्र पर और भी मजबूत पहचान दिलाई है

देश में पहली बार सरकारी अस्पताल में सफलता

जानकारी के मुताबिक, 68 वर्षीय महिला मरीज पर किया गया यह जटिल उपचार अब तक केवल कुछ चुनिंदा प्राइवेट और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में ही संभव हो पाया था। एम्स दिल्ली और पीजीआई चंडीगढ़ जैसे शीर्ष केंद्रों में भी यह प्रक्रिया नहीं हो सकी थी। विशेष बात यह रही कि इस बार राइट एट्रियम यानी बैकमैन बंडल में लीड इंप्लांट किया गया, जो अब तक भारत में किसी सरकारी संस्थान में नहीं हुआ था।

कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. स्मित श्रीवास्तव के अनुसार मरीज को सिक साइनस सिंड्रोम था, जिसमें हृदय की प्राकृतिक धड़कन नियंत्रित करने वाली कोशिकाएँ क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। सामान्यतः ऐसे मामलों में वेंट्रिकुलर पेसिंग की जाती है, लेकिन इससे हार्ट फेल्योर और तेज धड़कन का जोखिम था। इसलिए एसीआई की टीम ने बैकमैन टोटल फिजियोलॉजिकल पेसिंग का निर्णय लिया। यह तकनीक हृदय को उसकी प्राकृतिक लय में बनाए रखती है और लंबे समय तक स्थिर धड़कन सुनिश्चित करती है।

उपचार करने वाली टीम में डॉ. स्मित श्रीवास्तव के साथ डॉ. एस. के. शर्मा, डॉ. कुणाल ओस्तवाल, डॉ. अनुराग कुजूर और डॉ. वेद प्रकाश शामिल थे। प्रक्रिया मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत की गई, जिसमें मरीज को निशुल्क लाभ मिला।

छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण:सीएम साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस सफलता को छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा, “सरकारी अस्पताल अब केवल सामान्य उपचार तक सीमित नहीं, बल्कि विश्वस्तरीय जटिल प्रक्रियाओं को भी अंजाम दे रहे हैं। यह मरीजों के लिए नई आशा है।”

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि रायपुर का एसीआई प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की आधुनिकता और विश्वास का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने जोर देकर कहा कि छत्तीसगढ़ के मरीजों को अब महानगरों की ओर देखने की जरूरत नहीं है, क्योंकि राज्य में ही सर्वोत्तम कार्डियक इलाज उपलब्ध हो रहा है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button