छत्तीसगढ़

कानून व्यवस्था और CM कार्यक्रमों की तैयारियों पर उच्चस्तरीय बैठक, वर्मा कमीशन का पालन अनिवार्य

वीआईपी सुरक्षा में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

रायपुर। कानून व्यवस्था एवं मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर आज पुलिस कमिश्नर श्री संजीव शुक्ला और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने संयुक्त बैठक लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम स्थलों का पूर्व निरीक्षण किया जाए और आयोजकों से वर्मा कमीशन की सिफारिशों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित कराया जाए, साथ ही इसका लिखित प्रमाण भी लिया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के सभी कार्यक्रम—चाहे निजी हों या शासकीय में लोक निर्माण विभाग द्वारा मंच एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। वहीं, कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सकीय व्यवस्था के लिए सीएमएचओ को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा गया कि कारकेड सहित स्थल पर चिकित्सकों की अनिवार्य उपस्थिति और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित हो।

अग्नि सुरक्षा को लेकर भी विशेष जोर देते हुए जिला सेनानी को प्रत्येक कार्यक्रम में फायर सर्विस एवं अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बैठक में कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने ई एंड एम (E&M) विभाग को माइक सिस्टम सहित सभी विद्युत व्यवस्थाओं की पूर्व जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही विद्युत विभाग को निर्बाध एवं सुरक्षित बिजली आपूर्ति के साथ वैकल्पिक व्यवस्था रखने के लिए कहा गया, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की बाधा न आए।कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को एसओपी का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए और कहा कि हर विभाग अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए कार्यक्रमों को सुचारू और सुरक्षित बनाए।

बैठक में एडीएम उमाशंकर बंदे, एडीसीपी दौलत राम पोर्ते, सीएमएचओ डॉ. मिथिलेश चौधरी, प्रोटोकॉल अधिकारी मुकेश कोठारी, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता राजीव नशीने एवं नगर निगम उपायुक्त विनोद पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button