नक्सल मुक्त क्षेत्रों में विकास की रफ्तार तेज, दंतेवाड़ा-सुकमा 69 KM फोरलेन सड़क निर्माण के लिए लिए 231 करोड़ रुपए मंजूर, टेंडर जल्द

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग के लिए बड़ी सौगात सामने आई है। दंतेवाड़ा से सुकमा के बीच की लगभग 69 किलोमीटर लंबी सड़क को अब फोरलेन बनाया जाएगा। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए केंद्र सरकार ने 230 करोड़ 85 लाख रुपए की मंजूरी दे दी है। बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
यह सड़क लंबे समय तक नक्सल प्रभाव वाले इलाके से होकर गुजरती रही है। कभी यहां हालात इतने संवेदनशील थे कि शाम ढलने के बाद आवाजाही करना बेहद मुश्किल माना जाता था। लेकिन अब क्षेत्र में सुरक्षा और विकास दोनों की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। इसी बदले माहौल के बीच इस सड़क को फोरलेन बनाने का फैसला लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, इस परियोजना को आगे बढ़ाने में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, लोक निर्माण मंत्री अरुण साव और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। राज्य सरकार ने इस सड़क को फोरलेन बनाने का प्रावधान पहले ही अपने बजट में शामिल कर लिया था। अब केंद्र से प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना को जमीन पर उतारने की प्रक्रिया तेज हो गई है।
करीब 68.60 किलोमीटर लंबी यह सड़क दंतेवाड़ा और सुकमा जैसे महत्वपूर्ण जिलों को जोड़ती है। यह मार्ग न केवल आम लोगों की आवाजाही के लिए अहम है, बल्कि सुरक्षा बलों और प्रशासनिक गतिविधियों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
फोरलेन बनने के बाद इस इलाके में आवागमन अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम होगा।सड़क निर्माण के लिए केंद्रीय सड़क निधि से राशि उपलब्ध कराई जाएगी। परियोजना के तहत कुछ हिस्सों में भू-अर्जन भी किया जाएगा। सरकार का मानना है कि यह सड़क केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि बस्तर में विकास, सुरक्षा और विश्वास की नई तस्वीर भी बनेगी।

सरकार की पहल से मिली मंजूरी
| मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और PWD मंत्री अरुण साव की पहल |
| केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के निर्देश पर स्वीकृति |
| कुल लागत: लगभग 230.85 करोड़ रुपए |
| लंबाई: करीब 68.60 किमी |
| टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू होगी |
| कुछ हिस्सों में भू-अर्जन (land acquisition) भी किया जाएगा |
| परियोजना केंद्रीय सड़क निधि से पूरी होगी |
| सड़क निर्माण से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को मिलेगी गति |



