NTA टास्क फोर्स पर बरसे PCC चीफ दीपक बैज, बोले- ’12 साल में देश को बर्बाद कर दिया, अब टास्क फोर्स से क्या होगा?’

रायपुर। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए केंद्र सरकार द्वारा हाई पावर्ड टास्क फोर्स के गठन पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि टास्क फोर्स बनाने से कोई फायदा नहीं होगा, क्योंकि सरकार की नीतियों के कारण देश के युवाओं का भविष्य पहले ही प्रभावित हो चुका है।
दीपक बैज ने कहा कि “प्रधानमंत्री के टास्क फोर्स का गठन करने से क्या फायदा होगा? पूरे देश के युवाओं का करियर खराब हो गया है और वे सड़कों पर हैं। परीक्षा प्रणाली में जो भ्रष्टाचार हुआ है, उसके लिए सिस्टम में बैठे लोग जिम्मेदार हैं।”उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण युवाओं और किसानों को बार-बार आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बैज ने कहा कि “Gen-Z ने प्रधानमंत्री को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया है। पिछले 12 वर्षों में देश को जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई संभव नहीं है। टास्क फोर्स का गठन केवल घटते जनाधार को संतुलित करने की कोशिश है।”रील बनाने की सलाह पर भी साधा निशानाप्रधानमंत्री द्वारा मंत्रियों को सोशल मीडिया पर रील बनाकर पोस्ट करने की सलाह पर भी दीपक बैज ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि भाजपा सरकार दबाव में है।
उन्होंने कहा, “एक शंखनाद से पूरी सरकार का सिस्टम हिल गया है। प्रधानमंत्री से लेकर पूरी सरकार डर गई है। अब Gen-Z को टारगेट किया जा रहा है, जो देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी है। ये पढ़े-लिखे युवा अपने अधिकारों के लिए लड़ना जानते हैं। केवल रील बनाकर पोस्ट करने से कुछ नहीं होगा। अब प्रधानमंत्री की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।”
29 जुलाई की बैठक पर क्या बोले बैज?
दिल्ली में 29 जुलाई को होने वाली कांग्रेस संगठन की बैठक को लेकर दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश संगठन ने पूरी तैयारी कर ली है। बैठक में संगठन को मजबूत करने के लिए दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अब तक हुए आंदोलनों की समीक्षा की जाएगी और आगामी रणनीति तय होगी।बैज ने कहा कि बारिश के बाद जल, जंगल और जमीन के मुद्दों को लेकर कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर चुकी है।




