NTA परीक्षा सुधार के लिए हाई पावर्ड टास्क फोर्स का गठन, CM विष्णुदेव साय ने केंद्र सरकार का जताया आभार

रायपुर। केंद्र सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए एक हाई पावर्ड टास्क फोर्स का गठन किया है। इस फैसले पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश के युवाओं की चिंता को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा, “हम केंद्र सरकार का बहुत धन्यवाद करते हैं। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने हेतु कठोर कानून बनाए जा रहे हैं। इससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी और परीक्षाओं की विश्वसनीयता बढ़ेगी।”
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 जुलाई को घोषणा की थी कि NTA की परीक्षा प्रक्रिया में व्यापक सुधार के लिए गठित इस मल्टीडिसिप्लिनरी टास्क फोर्स की अध्यक्षता देश के प्रसिद्ध टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ नंदन नीलेकणि करेंगे।
इस टास्क फोर्स में ISRO के पूर्व अध्यक्ष एस. सोमनाथ, पूर्व IB निदेशक तपन डेका, IIT मद्रास के निदेशक वी. कामकोटी, पूर्व शिक्षा सचिव अनीता करवाल और लॉजिस्टिक्स विशेषज्ञ अमृत लाल मीणा सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल हैं। यह समिति परीक्षा प्रणाली को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने, सुरक्षा बढ़ाने और पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस सुझाव देगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि टास्क फोर्स की रिपोर्ट के आधार पर आगामी परीक्षाओं की पारदर्शिता, विश्वसनीयता और क्रेडिबिलिटी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम जल्द उठाए जाएंगे। इसका उद्देश्य छात्रों का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा और अधिक मजबूत करना है।




