कुलगाम आतंकी हमले में मारे गए छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये देगी साय सरकार

रायपुर। जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम में आतंकवादियों द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रवासी श्रमिकों पर किए गए कायराना हमले में राज्य के दो श्रमिकों की मौत के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि राज्य सरकार दोनों दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि इस आतंकी हमले में सक्ती जिले के निवासी दीपक रात्रे तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासी भूपेंद्र भैना का निधन हुआ है। उन्होंने इस जघन्य और अमानवीय घटना की कठोर शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के विरुद्ध अपराध है और ऐसे कायराना कृत्य किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी और आर्थिक सहायता के रूप में 20-20 लाख रुपये दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर सरकार के अधिकारियों से तत्काल संपर्क स्थापित करने और आवश्यक समन्वय करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही राज्य सरकार जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करेगी, जो पीड़ित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने और पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेगा।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ देश एकजुट है और निर्दोष नागरिकों पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।



