CG NEWS: स्कूल में शराब पार्टी करने वाले दो शिक्षक निलंबित, वायरल वीडियो के बाद शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सरकारी स्कूल परिसर में शराब पार्टी करने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मैनपुर विकासखंड के शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) के दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षक मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दोनों शिक्षक स्कूल कार्यालय के भीतर शराब पीते और चखना खाते नजर आए। वहीं, इस दौरान कई छात्र-छात्राएं बिना पढ़ाई के स्कूल परिसर में मौजूद थे।
वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर ने पहले दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। विभागीय जांच में मामले को गंभीर मानते हुए अब दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन आदेश के अनुसार, दोनों शिक्षकों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मैनपुर निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की विभागीय जांच जारी रहेगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




