CM विष्णुदेव साय 2 से 7 अक्टूबर तक सिंगापुर प्रवास पर, विदेशी निवेश बढ़ाने पर रहेगा फोकस

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 2 से 7 अक्टूबर तक सिंगापुर के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे भारत-सिंगापुर विकास एवं कारोबार सम्मेलन में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के दौरे का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ में विदेशी निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देना और प्रदेश की औद्योगिक क्षमता को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रस्तुत करना है।
प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री सिंगापुर के उद्योगपतियों, निवेशकों और कारोबारी प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में छत्तीसगढ़ में उद्योग स्थापित करने, नई परियोजनाएं शुरू करने और निवेश के अवसरों को लेकर चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री और राज्य सरकार की ओर से निवेशकों को छत्तीसगढ़ में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों, औद्योगिक क्षमता, आधारभूत सुविधाओं और निवेश की संभावनाओं की जानकारी दी जाएगी। सरकार का प्रयास प्रदेश में नए निवेश को आकर्षित करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर रहेगा।
मुख्यमंत्री का यह सिंगापुर दौरा छत्तीसगढ़ को अंतरराष्ट्रीय निवेश के संभावित केंद्र के रूप में प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
पिछला विदेश दौरा जापान और दक्षिण कोरिया का था
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पिछला बड़ा विदेश दौरा 22 से 29 अगस्त 2025 तक जापान और दक्षिण कोरिया का था। इस दौरान टोक्यो, ओसाका और सियोल में Investor Connect कार्यक्रम हुए और ओसाका वर्ल्ड एक्सपो में छत्तीसगढ़ ने अपना पवेलियन भी लगाया।
दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने बताया था कि छत्तीसगढ़ को 6 निवेश प्रस्ताव मिले हैं। ये प्रस्ताव मुख्य रूप से फूड प्रोसेसिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, स्किल डेवलपमेंट और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों से जुड़े थे। प्रस्ताव देने वाली कंपनियों में Sartaj Foods, SAS Sanwa, Bioseeds, Biyani Group और Moderntech के नाम सामने आए।




