
रायपुर। राहुल गांधी की ओर से चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया को लेकर लगाए गए आरोपों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पलटवार किया है। बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री साय के साथ डिप्टी CM अरुण साव और सांसद संतोष पांडेय भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राहुल गांधी चुनाव आयोग पर लांछन लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के प्रेस नोट के बाद कई मुद्दों पर स्थिति स्पष्ट हो गई है। चुनाव आयोग ने SIR समेत सभी मुद्दों पर पूरी जानकारी दी है, इसके बावजूद विपक्ष कोरी कल्पना के आधार पर आरोप लगा रहा है।
सीएम साय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सौ बार से ज्यादा चुनाव हार चुकी है। उन्होंने राहुल गांधी से देश की जनता से माफी मांगने की मांग की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी पहले भी आरोप लगाते रहे हैं और कई बार आरोपों के बाद माफी मांग चुके हैं। उन्होंने EVM को लेकर सवाल उठाने वाले नेताओं से भी सवाल किया कि यदि उन्हें चुनाव प्रक्रिया और EVM पर भरोसा नहीं है, तो क्या वे अपने पदों से इस्तीफा देंगे?
सीएम साय ने कहा कि बीजेपी पर वोट चोरी जैसे आरोप लगाए जाएंगे तो पार्टी उसका जवाब देगी। वहीं, सांसद संतोष पांडेय ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की विश्वसनीयता पर अविश्वास खड़ा करने का प्रयास किया है।




