बेमेतरा में कलेक्टर-एसपी पर भड़के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, बोले- “15 साल मुख्यमंत्री रहा, ऐसा कभी नहीं हुआ”

बेमेतरा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष Raman Singh का नाराजगी भरा रौद्र रूप देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच से ही प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर, एसपी और अन्य अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जताई।
रविवार शाम बेमेतरा के बेसिक ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे, जबकि डॉ. रमन सिंह विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे। कार्यक्रम में राज्य सरकार के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।डॉ. रमन सिंह ने मंच से कहा कि उन्होंने प्रशासन को पहले ही अवगत कराया था कि आयोजन स्थल और व्यवस्थाएं मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों की गरिमा के अनुरूप नहीं हैं। इसके बावजूद आवश्यक सुधार नहीं किए गए, जिससे वे नाराज हो गए।
उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वह 15 वर्षों तक मुख्यमंत्री रहे हैं, लेकिन अपने कार्यकाल में इस तरह की अव्यवस्था कभी नहीं देखी। उनके तीखे तेवरों से कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए सन्नाटा छा गया।
कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें डॉ. रमन सिंह अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए दिखाई दे रहे हैं। राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इस घटना की चर्चा बनी हुई है।




