जशपुर में अवैध धान तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 178 बोरी धान जब्त, मंडी में खपाने की थी तैयारी

जशपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होने से पहले ही प्रशासन ने अवैध धान तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र में एक ट्रक से 178 बोरी अवैध धान जब्त किया गया है। जानकारी के अनुसार, यह धान बाहर के राज्य से लाकर स्थानीय मंडी में खपाने की तैयारी की जा रही थी। पत्थलगांव के सूखरापारा इलाके में पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पिछले 24 घंटों में अलग-अलग स्थानों पर लगभग 1500 बोरी अवैध धान जब्त
जब्त किए गए धान में से 1000 बोरी फरसाबहार ब्लॉक में और 500 बोरी जशपुर में पकड़ी गई। जशपुर शहर के पास ग्राम गिरांग में झारखंड से आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी 14 एमजी 8063 को पुलिस ने रोका। जांच में ट्रक में भारी मात्रा में धान पाया गया, जिसे चालक पत्थलगांव ले जाने की बात स्वीकार कर चुका, लेकिन वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद ट्रक और धान दोनों जब्त कर लिए गए। इसी कड़ी में दो पिकअप वाहनों से भी 50-50 बोरी धान जब्त की गई। अवैध धान तस्करी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सीमा क्षेत्रों में 21 चेक पोस्ट स्थापित किए हैं। इसके अलावा 10 पेट्रोलिंग पार्टियों को संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और त्वरित कार्रवाई के लिए तैनात किया गया है। यह कदम बाहरी राज्यों से सस्ता धान छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिशों पर लगाम लगाने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिला प्रशासन की सक्रियता के कारण अवैध धान तस्करों में हड़कंप मच गया है।
15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी
प्रदेश में 15 नवंबर से सरकारी धान खरीदी (Paddy Procurement) की शुरुआत होनी है। इसी के मद्देनज़र प्रशासन ने सीमावर्ती जिलों में अवैध धान के परिवहन पर विशेष निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों ने बताया कि जब्त धान के मालिक और ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। साथ ही जांच की जा रही है कि यह धान किस राज्य से लाया गया और किस मंडी में बेचने की योजना थी।




