छत्तीसगढ़

होली से पहले किसानों को बड़ी सौगात, 25.28 लाख किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपये ट्रांसफर

किसानों के सम्मान और समृद्धि के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध : CM साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बिल्हा विकासखंड के रहंगी (बिलासपुर) में आयोजित कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण समारोह में प्रदेश के 25.28 लाख किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। इस अवसर पर बिलासपुर जिले के 1,25,352 किसानों को 494.38 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राशि होली से पहले किसानों को दी गई है, ताकि वे त्योहार को उत्साह और सम्मान के साथ मना सकें। उन्होंने कहा कि आज का दिन किसानों के सम्मान का दिन है और सरकार किसान हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के विकास को नई गति देते हुए 15.99 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण 7 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 247.18 करोड़ रुपये की लागत से 82 विकास कार्यों का शिलान्यास किया।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण, समय पर भुगतान, खाद में सब्सिडी और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित किया गया है। छत्तीसगढ़ देश में किसानों को धान का सर्वाधिक मूल्य देने वाला राज्य बन चुका है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किसान सम्मान निधि योजना और राज्य बजट में कृषि के लिए 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किसानों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के मुद्दे पर कहा कि बस्तर क्षेत्र में नक्सल समस्या समाप्ति की ओर है और मार्च 2026 तक यह संकल्प पूरा होगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने चकरभाटा में स्वास्थ्य केंद्र उन्नयन, मंगला स्कूल को हाई स्कूल में उन्नयन तथा सतनामी एवं आदिवासी समाज के सामुदायिक भवनों के लिए 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा की।मुख्यमंत्री ने वर्चुअल संवाद के माध्यम से किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को दोहराया।

नक्सलवाद समाप्ति की ओर, मार्च 2026 तक संकल्प होगा पूरा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद अब समाप्ति की ओर है और इस दिशा में राज्य को लगातार सफलता मिल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि मार्च 2026 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का संकल्प पूर्ण होगा।

खनिज, पर्यटन और दुग्ध क्रांति से नए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और इसके समुचित उपयोग से विकास को गति दी जा रही है।पर्यटन की अपार संभावनाओं के साथ-साथ पशुपालन को बढ़ावा देने हेतु एनडीडीबी से समझौता किया गया है, जिससे राज्य में दुग्ध क्रांति की शुरुआत होगी।

कृषि मंत्री का संदेश: फसल विविधीकरण से बढ़ेगी आमदनी

कृषि मंत्री श्री राम विचार नेताम ने कहा कि कृषक उन्नति योजना किसानों के जीवन में बदलाव लाने वाली योजना है। उन्होंने किसानों से दलहन, तिलहन, जैविक एवं मिश्रित खेती अपनाने का आह्वान किया और कहा कि नवाचार से ही किसानों की आय में वास्तविक वृद्धि संभव है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button